नैनीताल। ऑल सेंट्स कॉलेज में शनिवार को स्पेसिफिक लर्निंग डिसेबिलिटी (विशिष्ट अधिगम अक्षमताओं) विषय पर एक कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें शिक्षकों को विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने का प्रशिक्षण मिला। मुख्य वक्ता सारा वानिया हक ने अपने शोध से विकसित एमटीएसएस आधारित शिक्षक सहायता टूलकिट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टूलकिट शिक्षकों को ऐसे विद्यार्थियों की पहचान और मदद करने में सहायक है। शिक्षकों को बच्चों के व्यवहार, सीखने की गति, पढ़ने-लिखने व गणित की कठिनाइयों के संकेतों को पहचानने के तरीके सिखाए गए। उचित मार्गदर्शन से इन बच्चों की सीखने की क्षमता बेहतर होती है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप है। प्रधानाचार्य अंजिना रिचर्ड्स ने कार्यक्रम में सारा वानिया हक का स्वागत किया।