हल्द्वानी। महिलाओं को भयमुक्त और सुरक्षित माहौल देने के लिए अपर निदेशक सेवायोजन ऋचा सिंह की अध्यक्षता में गठित संयुक्त टीम जरूरी कदम उठा रही है। कहा, स्कूलों से प्राप्त बालिकाओं के सुझावों पर अमल किया जा रहा है।
सेवायोजन निदेशालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में नोडल अधिकारी ऋचा सिंह ने बताया कि नगर क्षेत्र में रात के समय विभिन्न क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइन न होने, खाली प्लॉट पर अराजक तत्वों का अड्डा, तेज रफ्तार बाइकर्स और रात के समय ऑटो से सफर करने पर छात्राओं को भय महसूस होता है। इसके समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार कर संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उरेडा और शहरी विकास विभाग की ओर से नगर क्षेत्र में अंधेरे वाले स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। नगर में खाली पड़ी निजी भूमि पर भू स्वामी और सरकारी भूमि पर विभाग की ओर से तारबाड़ के कार्य किए जाएंगे। सभी ऑटो में महिला हेल्पलाइन नंबर और प्रत्येक चालक का ड्रेसकोड तैयार किया जा रहा है। यह व्यवस्था नवंबर से लागू होगी। पुलिस टीम विद्यालयों में सुबह और छुट्टी के समय सादी वर्दी में चेकिंग करेगी। संवाद