गरमपानी (नैनीताल)। लंबे समय से बारिश नहीं होने से अल्मोड़ा और नैनीताल जिले के जंगलों में आग लगने लगी है। बुधवार दोपहर खैरना-रानीखेत मोटर मार्ग पर भुजान के पास कनवाड़ी की पहाड़ी में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही छाती गांव के सरपंच राम सिंह बिष्ट, धीरज सिंह, करन और पवन सिंह आग बुझाने के लिए पहुंचे। खड़ी पहाड़ी होने के चलते आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं आग लगने के बाद पहाड़ी से पत्थरों के गिरने से रानीखेत, हल्द्वानी, बेतालघाट, तिपोला, वर्धो की तरफ आने-जाने वाले वाहन चालक और यात्री बाल-बाल बच गए। नैनीताल जिले के चौरसा और दूनीखाल से लगे जंगल में देर शाम तक आग लगने से वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। बेतालघाट ब्लॉक के खलाड़ के पास वनाग्नि पर काबू नहीं पाया जा सका।