कालाढूंगी। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कालाढूंगी की समस्याओं के निराकरण के लिए एसडीएम कोर्ट पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा। पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल ने कहा कि यूकेडी ने राज्य गठन के लिए लंबी लड़ाई लड़ी थी। अब राज्य को बचाने के लिए दल आरपार की लड़ाई लड़ेगा। जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस की नीतियों से उत्तराखंड की जनता त्रस्त है। चौहान ने कहा कि जनता अब यूकेडी के नेतृत्व में लामबंद हो रही है। प्रदर्शन में केंद्रीय उपाध्यक्ष भुवन जोशी, केंद्रीय संगठन मंत्री भुवन बिष्ट, केंद्रीय प्रवक्ता अशोक बोहरा आदि रहे।