हल्द्वानी। खेल महाकुंभ के चलते अनुसूचित जनजाति ओपन बालक वर्ग के खिलाड़ियों का प्रशिक्षण स्थगित कर दिया गया है। खेल विभाग की ओर से हल्द्वानी स्टेडियम में सोमवार से 12 जनवरी तक स्पेशल कंपोनेंट प्लान के तहत प्रशिक्षण कैंप आयोजित किया जाना था जिसे टाल दिया गया है। इससे सोमवार को पहुंचे खिलाड़ियों को बैरंग लौटना पड़ा। जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत ने बताया कि स्टेडियम में अंडर 19 फुटबॉल और बैडमिंटन ट्रायल होना है। विधानसभा स्तर पर विधायक चैंपियन ट्रॉफी के मुकाबले प्रस्तावित हैं। इन आयोजनों के कारण स्टेडियम में प्रशिक्षण कैंप के लिए पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही है। प्रशिक्षण कैंप के लिए जल्द ही नई तिथि घोषित कर खिलाड़ियों को इसकी सूचना समय से जाएगी। संवाद