नैनीताल। नैनीताल से हल्द्वानी जा रहे युवकों की कार शुक्रवार को रूसी बाइपास के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो युवक घायल हो गए। इसी दौरान एसएसपी नैनीताल सुनील कुमार मीणा हल्द्वानी से नैनीताल आ रहे थे। उन्होंने घायलों को तुरंत अपने वाहन से बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार बाजपुर के देवेंद्र जलाल और मोहित कुमार शनिवार को नैनीताल से अपना काम निपटाकर हल्द्वानी को जा रहे थे, तभी वापसी में नैनीताल से आठ किमी दूर रूसी बाइपास के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। बीडी पांडे अस्पताल के डॉ. एस रावत ने बताया कि देवेंद्र के माथे पर चोट आई थी। मोहित भी मामूली रूप से घायल हुआ था। इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे चीता पुलिस के जवान शिवराज सिंह राणा ने घायलों के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।