कालाढूंगी। कोतवाली से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित स्टेडियम में शाम होते ही अराजक तत्वों और शराबियों के जमावड़े से खिलाड़ी परेशान हैं। क्षेत्रीय विकास एवं स्पोर्ट्स समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी ने कालाढूंगी कोतवाली में पत्र देकर अराजकता करने वाले लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। राजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि शराब पीने के बाद मैदान में कांच की बोतलें तोड़कर फेंक दी जाती हैं और वहां गंदगी भी फैला दी जाती है। सुबह जब खिलाड़ी अभ्यास के लिए मैदान में पहुंचते हैं तो उन्हें सबसे पहले मैदान की सफाई करनी पड़ती है। उन्होंने पुलिस से स्टेडियम परिसर में नियमित गश्त बढ़ाने, शाम के समय निगरानी रखने तथा शराब पीकर अराजकता करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।