नैनीताल। शहरी विकास विभाग के अपर निदेशक अशोक कुमार पांडे शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्हें कई कर्मचारियों के उपस्थिति पंजिका रजिस्टर में हस्ताक्षर नहीं मिले। कई कर्मचारी बिना सूचना के नदारद थे। इस पर नाराज अपर निदेशक ने पालिका अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए।
बीते तीन दिन से शहरी विकास विभाग की टीम नगर पालिका में जांच कर रही है। इसके बावजूद कर्मचारियों की लापरवाही पालिका की वास्तविकता को बयां कर रही हैं। जांच टीम के मुखिया अपर निदेशक अशोक कुमार पांडे ने शुक्रवार को पालिका की उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। इसमें करीब सात कर्मचारियों ने हस्ताक्षर ही नहीं किए थे। पता चला कि तीन अधिकारी कार्यालय में नहीं थे और उनके अवकास की सूचना उच्चाधिकारियों को नहीं थी। पूछताछ में अधिकारी बगले झांकने लगे। कुछ कार्मिकों ने पटल पर हस्ताक्षर न करवाने के कारण हस्ताक्षर न होने की बात कही। इस पर अपर निदेशक अशोक कुमार पांडे पालिका में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई और प्रभारी अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि वह नियमों के तहत व्यवस्था में सुधार करवाएं। साथ ही सुधार की रिपोर्ट और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई से अवगत कराने को कहा गया है। इस संबंध में ईओ पूजा से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
नंदा देवी महोत्सव के ठेके की मूल फाइल दून लेकर लौटी जांच टीम
नैनीताल। नगर पालिका नैनीताल में व्याप्त अनियमितताओं की जांच के लिए नैनीताल पहुंची शहरी विकास विभाग की टीम ने शुक्रवार को भी जांच पड़ताल की। दोपहर 1:30 बजे टीम नैनीताल से देहरादून लौट गई। टीम ने महोत्सव क्षेत्र की फोटोग्राफी कर जांच रिपोर्ट तैयार की है। देहरादून में उसे अंतिम रूप देकर शहरी विकास सचिव मुख्य सचिव स्तर पर सौंपा जाएगा। वहीं दूसरी ओर टीम नंदा देवी महोत्सव के ठेके की मूल फाइल को भी साथ लेकर गई है। पालिका की अनियमितताओं की शिकायतों पर मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर तीन दिन से शहरी विकास विभाग के अपर निदेशक अशोक कुमार पांडे और अधीक्षण अभियंता रवि पांडे, वित्त अधिकारी परवीन कौर ने नंदा देवी महोत्सव की निविदा को लेकर जांच पड़ताल की। टीम की ओर से जांच सुबह कार्यालय खुलने से पहले और रात करीब साढ़े सात बजे तक चल रही थी। शुक्रवार को भी टीम ने महोत्सव स्थल की फोटोग्राफी की। कर्मचारियों के बयान के आधार पर बिंदुवार रिपोर्ट तैयार की। देहरादून पहुंचने के बाद इसे अंतिम रूप देकर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।