कालाढूंगी। मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी कार्यक्रम क्रियान्वयन ललित मोहन आर्य ने मंगलवार को विकासखंड कोटाबाग के विभिन्न ग्रामों का निरीक्षण कर जनता से संवाद भी किया। ग्राम पंचायत रतनपुर, गुलजारपुर बंकी, पूरनपुर आदि कई गांवों का निरीक्षण कर मुख्यमंत्री आवास, पेंशन, दैवीय आपदा, महिला समूह, मनरेगा, समाज कल्याण आदि योजनाओं के बारे में स्थानीय लोगों से भी जानकारी ली।
बाद में विशेष कार्याधिकारी आर्य ने तहसील पहुंचकर यहां महिला समूह की ओर से चलाई जा रही कैंटीन का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए त्वरित कार्रवाई करें। जनता को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने कहा कि समय निर्धारित कर अधिकारियों द्वारा जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनी जाएं।
राज्य आंदोलनकारी विनय जोशी ने आंदोलनकारी पेंशन हर माह दिलाए जाने, रुकी हुई पेंशन जारी कराए जाने की मांग की। इस दौरान एसडीएम रेखा कोहली, तहसीलदार प्रियंका रानी, खंड विकास अधिकारी श्याम चंद्र, सहायक ब्रजमोहन बिष्ट, ब्लाॅक मिशन प्रबंधक सरस्वती जोशी, मनरेगा से ओम प्रकाश, समाज कल्याण से योगेश पांडे, सहकारिता से मनोहर चुफाल, बिशन सिंह मेहरा, शीला देवी, गिरीश जोशी आदि अधिकारी मौजूद रहे।