नैनीताल। अगर आप नैनीताल आने का प्लान कर रहें है तो अन्य वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष आपको अधिक खर्चा करना होगा। क्योंकि बीते वर्षों के मुकाबले इस वर्ष नैनीताल में भ्रमण करना महंगा हो चुका है। ऐसे में पर्यटकों को अपनी जेब अधिक ढीली करनी पड़ेगी। यहां प्रवेश से लेकर सैर सपाटा और खाना तक महंगा हो चुका है।
नैनीताल में एंट्री के देने होंगे 110 रुपये
नैनीताल। नैनीताल में प्रवेश करने के लिए वाहन चालकों को 110 रुपये चुकाने होंगे। इससे पूर्व दिन में 60 जबकि शाम के बाद 110 रुपये टोल टैक्स के रूप में देने होते हैं। लेकिन अब सभी वाहनों को टोल टैक्स 110 रुपये कर दिया गया है।
रेस्टोरेंट का खाना आठ से दस फीसदी हुआ महंगा
नैनीताल। शहर के रेस्टोरेंट में खाना पीना भी महंगा हो गया है। महंगाई के चलते अधिकांश रेस्टोरेंट स्वामियों ने आठ से दस फीसदी तक रेट बढ़ाएं हैं। इसके साथ ही कई रेस्टोरेंट संचालक रेट बढ़ाने को लेकर विचार कर रहें हैं।
रिक्शे के बदले अब टुकटुक में करना होगा सफर
नैनीताल। इस वर्ष से नैनीताल में पैडल रिक्शे पूर्ण रूप से बंद हो गए हैं। ऐसे में मालरोड की सैर के लिए सैलानियों को टुकटुक का सहारा लेना पड़ेगा। वर्तमान में इसका किराया दस रुपये है, लेकिन नगर पालिका की ओर से उक्त किराए को लेकर विचार किया जा रहा है। जल्द ही ई-रिक्शा का किराया भी 20 रुपये होने की संभावना है।
नौकायन का किराया चार सौ के पार
नैनीताल। नैनीताल में नौकायन सैलानियों की पहली पसंद होती है। पूर्व में नौकायन का आधा चक्कर 160 जबकि झील के पूरे चक्कर का 210 था, लेकिन बीते वर्ष से यह किराया बढ़ाकर 320 और 420 रुपये प्रति नाव हो चुका है।
साइड सीन के लिए भी चुकाने होगा अधिक शुल्क
नैनीताल। नैनीताल में पहुंचने के बाद अगर आप साइड सीन करते हैं तो केव गार्डन, वॉटर फॉल, खुर्पाताल, हिमालय दर्शन व लवर्स, सुसाइट प्वांइट के भ्रमण का जहां ऑफ सीजन में आठ सौ से एक हजार रुपये तक चुकाना होता था, वहीं यह 1200 से 1500 रुपये तक हो गया है। बड़े वाहनों की बात करें तो यह किराया 1200 से 1400 से बढ़कर 1800 से दो हजार रुपये हो गया है।
अरुण कुमार पाल का फाइल फोटो। स्रोत परिवार