नैनीताल। शिव भक्त मंडली गुफा महादेव की ओर से सोमवार से समीपवर्ती गुफा महादेव मंदिर में शिव महापुराण कथा रुद्र संहिता शुरू हो गई है। बाबा अमर गिरी महाराज की पुण्यतिथि पर हरिगिरी महाराज की ओर से आयोजन किया जा रहा है। सोमवार सुबह देवी-देवताओं के पूजन, शिव पूजन के साथ आयोजन की शुरुआत हुई। पहले दिन कथा वाचक बसंत बल्लभ तिवारी ने शिव की सात संहिताओं के बारे में बताया। इसमें विश्वेश्वर संहिता, रुद्र संहिता, सत संहिता, कोटि रुद्र संहिता, उमा संहिता, कैलाश संहिता, वायवी संहिता आदि पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिव के निर्गुण स्वरूप से सगुण स्वरूप के बारे में बताया। आयोजन का पारायण 19 अप्रैल को होगा।