हल्द्वानी। नवाबी रोड स्थित जय दुर्गा कॉलोनी में त्योहार पर सीवर का पानी आने की समस्या रही। इससे लोगों को टैंकर से पानी खरीदना पड़ा। शिकायत मिलने के बाद जल संस्थान ने आज पाइपलाइनों की जांच करने की बात कही है।
मंगलवार को नवाबी रोड पर कुल्यालपुरा के पास जय दुर्गा कॉलोनी में 15 से ज्यादा घरों में सीवर का गंदा पानी आने की समस्या रही। इस दौरान लोगों को पीने और घरेलू इस्तेमाल के लिए पानी की बोतलें और टैंकर खरीदना पड़ा। वार्ड नंबर आठ के पार्षद रवि वाल्मीकि ने बताया कि मंगलवार दोपहर कॉलोनी के नवीन पांडे, मोहित पतवानी और धीरज सिंह बिष्ट आदि घरों में गंदा पानी पाया। परेशान लोगों ने कहा कि त्योहार पर भी पीने का पानी का संकट रहा। जल संस्थान के सहायक अभियंता रविंद्र कुमार का कहना है कि वार्ड नंबर आठ जय दुर्गा कॉलोनी में नलों में सीवर का पानी आने की शिकायत मिली है। पेयजल लाइन तो बहुत गहरी डाली गई हैं। लाइन पुरानी होने के चलते लीकेज से समस्या हो सकती है। आज जांच कराई जाएगी।
जय दुर्गा कॉलोनी निवासी उत्तम सिंह बिष्ट ने बताया कि घर में चार दिन से गंदा पानी आ रहा है। घरों की टंकी तक सीवर का पानी पहुंच गया है। विभाग को लाइनों की जांच करनी चाहिए।
जीवन सिंह मनराल ने बताया पानी की लाइन सीवर लाइन के साथ बिछाई गई होगी, तभी यह समस्या आ रही है। विभाग की लापरवाही से त्योहार पर भी पानी नहीं मिला।
जय दुर्गा कॉलोनी की कल्पना गोस्वामी ने बताया कि घर में पीने और खाना बनाने के लिए भी पानी नहीं है। त्योहार पर दुकानें भी बंद हैं, ऐसे में पानी खरीदने की समस्या हो रही है।
होली पर दोपहर में भी बांटा पानी
हल्द्वानी। होली पर जल संस्थान ने मंगलवार को गौला से जुड़े कनेक्शनों में अतिरिक्त पानी छोड़ा। विभाग ने सुबह और शाम के अलावा दिन में 12 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक अतिरिक्त शिफ्ट में पानी बांटा। विभाग के सहायक अभियंता नीरज तिवारी ने बताया कि अतिरिक्त शिफ्ट को लेकर विभाग ने एक सप्ताह पहले ही तैयारी कर ली थी। जल संस्थान की ओर से त्योहार को देखते हुए सोमवार को ही प्रभावित इलाकों में पानी की व्यवस्था करा दी थी। इधर, छड़ायल में सिंचाई विभाग के नलकूप की मरम्मत के चलते मंगलवार को भी पानी की किल्लत बनी रही। विभाग के एक टैंकर के माध्यम से यहां आपूर्ति कराई। दो अन्य प्रभावित इलाकों में भी तीन टैंकरों से आपूर्ति कराई गई।