नैनीताल। नैनीताल में आरक्षी पुलिस (पुरुष), पीएसी, आईआरबी (पुरुष) भर्ती प्रक्रिया के तहत शारीरिक मानक दक्षता और लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का चिकित्सा परीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को बीडी पांडे अस्पताल में पुलिस आरक्षी अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। पुलिस लाइन के एसआई दामोदर कापड़ी ने बताया कि जिले में कुल 141 अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण होना है। बृहस्पतिवार को बीडी पांडे अस्पताल में 34 अभ्यर्थी मेडिकल परीक्षण के लिए पहुंचे। इस दौरान अभ्यर्थियों की आंख, कान, हृदय सहित अन्य शारीरिक जांच की गई। परीक्षण के बाद 34 में से 27 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए जबकि सात अभ्यर्थी आंखों में समस्या के कारण असफल पाए गए। असफल अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षण के लिए मेडिकल बोर्ड के समक्ष भेजा जाएगा।