गौलापार में वनभूमि से कब्जा हटाया गया। संवाद
हल्द्वानी। गौलापार में वन विभाग ने अतिक्रमण हटाने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए सात एकड़ वनभूमि को मुक्त कराया है। साथ ही यहां नए पौधों को लगाया है।
उप प्रभागीय वनाधिकारी नंधौर ममता चंद ने बताया कि उच्च न्यायालय ने वनभूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश जारी किए थे। इसी क्रम में गौलापार स्थित कालूखेड़ा कक्ष संख्या एक और गाड़खरक बीट सहित अनरू वन क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाया गया। अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी का इस्तेमाल किया गया। कुल सात एकड़ जमीन अब अतिक्रमण से मुक्त हो गई है। साथ ही इस जमीन में वन प्रभाग ने 1500 विभिन्न प्रकार के पौधे लगा दिए हैं। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी वनभूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण हटाने वाली टीम में प्रशिक्षु अजय लिंग्वाल, सुनील शर्मा, कैलाश गुणवंत आदि थे।