रामनगर। 21 फरवरी से उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा शुरू होनी है। इसके लिए बोर्ड ने सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को परीक्षा सामग्री भेज दी है। इसमें परीक्षा नामावली, डेस्क स्लिप, एडमिट कार्ड शामिल हैं। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद सिमल्टी ने बताया कि इस साल बोर्ड परीक्षा के लिए 2,16,109 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इसमें 1,12,660 हाईस्कूल और 1,03,449 इंटरमीडिएट के विद्यार्थी शामिल हैं। परीक्षा के लिए प्रदेश में 1261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 156 संवेदनशील व 6 अति-संवेदनशील केंद्र शामिल हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए बोर्ड की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को परीक्षा सामग्री भेजी दी गई है। मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी खंडों में सामग्री वितरण के निर्देश दिए गए हैं।