नैनीताल। पर्यटन सीजन में यातायात नियमों के उल्लंघन और अवैध रूप से निजी वाहनों को किराये पर चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मल्लीताल में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक स्कूटी को रोककर पूछताछ की। जांच में पता चला कि स्कूटी तल्लीताल निवासी अहसान अली खान की है जिसे पर्यटकों को किराये पर दिया गया था। पुलिस ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए तत्काल कार्रवाई की। एसआई मो. यूनुस ने बताया कि प्राइवेट स्कूटी को अवैध रूप से किराये पर चलाने के मामले में तल्लीताल निवासी अहसान अली खान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्कूटी को सीज कर दिया गया। बताया कि अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 35 अन्य वाहन चालकों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।