हल्द्वानी। दोनहरिया मार्ग पर छात्रों में हुई मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। विवाद की शुरुआत स्कूल बस में सीट को लेकर हुई थी।
बीते सोमवार को नैनीताल मार्ग स्थित एक स्कूल के कक्षा 12 के दो छात्रों में परीक्षा देकर लौटते समय झगड़ा हो गया था। दोनहरिया मार्ग पर एक छात्र और उसके भाई की पिटाई कर दी थी। उनके पिता की ओर से कोतवाली पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी रोहित आर्या, राहुल सुड़ाली और जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपी सौरभ राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि स्कूल बस में सीट को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों छात्रों के बीच किसी लड़की के मैसेज आने को लेकर भी काफी समय से अनबन चल रही थी। इधर तमंचा लहराने वाला आरोपी अक्कू ठाकुर अभी फरार है। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों युवकों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आए प्रियांक उर्फ रॉक, शिवम व अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।