रामनगर (नैनीताल)। ज्वालावन लकड़ी लूट के मामले में स्केलर पर गाज गिरी है। स्केलर को निलंबित करने के साथ वन निगम की ओर से कोतवाली में पांच लोगों को खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। वन निगम के जीएम और आरएम ने भी मौका मुआयना किया।
सोमवार को ज्वालावन के लॉट संख्या 83, प्लांट संख्या पांच में लकड़ी तस्करों ने ट्रैक्टर की मदद से लकड़ी लूटी थी। हालांकि बाद में डीएफओ के नेतृत्व में वनकर्मियों की टीम ने गोबरा गांव से लूटी गई लकड़ी को बरामद कर लिया था। घटना के बाद वन निगम की टीम जांच कर रही है। बुधवार को वर्तमान यूनिट इंचार्ज जगदीश सती ने पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर रही है। दूसरी ओर, वन निगम के महाप्रबंधक महेश चंद्र आर्य, क्षेत्रीय प्रबंधक हरीश पाल, डीएलएम रोहित श्रीवास्तव ने मौके का निरीक्षण किया।
क्षेत्रीय प्रबंधक हरीश पाल ने बताया कि घटना के दौरान यूनिट इंचार्ज और स्केलर किशन सिंह भंडारी को निलंबित कर दिया है। संवेदनशील क्षेत्र होने के चलते गश्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस पर दो दिन तक तहरीर नहीं लेने का आरोप लगाया। दूसरी ओर कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।