डा. संदीप पांडे
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। प्रो. राजेंद्र सिंह नैनोसाइंस व नैनो टेक्नोलॉजी रसायन विज्ञान विभाग के पूर्व शोध छात्र डॉ. संदीप पांडे का दक्षिण कोरिया के सियोल में स्थित कोनकुक विश्वविद्यालय में पोस्ट डॉक्टरल फेलोशिप के लिए चयन हो गया है। संदीप सात अक्तूबर को कोनकुक विवि पहुंचकर ग्राफीन पर आधारित सोलर सेल, बैटरी व सुपर कैपेसीटर पर शोध शुरू करेंगे।
डॉ. संदीप पांडे के अनुसार उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय से ग्रहण की। स्नातक व परास्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद डीएसटी इंस्पायर फेलोशिप हासिल कर प्रो. नंद गोपाल साहू के निर्देशन में पीएचडी का कार्य पूरा किया। उन्होंने बताया कि प्रो. साहू के साथ मिलकर उन्होंने व अन्य साथियों ने उत्तराखंड व भारत से प्रथम व्यर्थ प्लास्टिक से ग्राफीन निर्माण विधि को प्रमाणित कर पेटेंट हासिल किया। बताया उनकी टीम की ओर से विकसित की गई तकनीक उद्योग को हस्तांतरित की जा चुकी है। संदीप ने तीन भारतीय व नौ अंतरराष्ट्रीय पेटेंट हासिल किए हैं। डॉ. संदीप को ग्राफिन की उपयोगिता व ग्राफीन निर्माण विधि में दक्षता के चलते अमेरिका की कंपनी में भी प्लेंसमेंट मिला लेकिन उन्होंने शोध कार्य को जारी रखने के लिए दक्षिण कोरिया जाने का निर्णय लिया। संदीप ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, प्रो. नंद गोपाल साहू, कोहली साहू, लता पांडे को दिया है। इस उपलब्धि पर कुमाऊं विवि के कुलपति प्रो. एनके जोशी, रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. एबी मेलकानी, शोध निदेशक प्रो. ललित तिवारी आदि ने खुशी जताई है।