हल्द्वानी। हनुमान जन्मोत्सव पर मंगलवार को शोभायात्रा के साथ-साथ ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन किया। ट्रैफिक डायवर्जन के कारण पुलिस ने गौला से उपखनिज लेकर आने वाले वाहनों को शहर की मुख्य सड़क से निकाला। इस दौरान लोग जाम से जूझते नजर आए। मंगलवार को काठगोदाम, शीशमहल, हाइडिल मार्ग, कालाढूंगी मार्ग, राजपुरा, नैनीताल रोड, बरेली रोड से कई शोभायात्राएं निकाली गईं। शोभायात्रा के दौरान ही रूट डायवर्ट किया गया। इस कारण बरेली, रामपुर, कालाढूंगी सहित तमाम मार्ग और गलियां वाहनों से पैक हो गईं। काफी देर तक ट्रैफिक रेंगकर चला। आलम यह था कि पत्थरों से भरे ट्रकों व डंपरों को भी नैनीताल रोड होते हुए शहर के अंदर से निकाला गया। ट्रैफिक इंस्पेक्टर शिवराज बिष्ट ने बताया कि शोभायात्रा के साथ-साथ रूट डायवर्ट किया गया था। ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों ने समय रहते स्थिति को सामान्य रखा।