नैनीताल। ज्योलीकोट-भवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर खूपी के पास एक फीट धंसाव हो गया है जिसके चलते हादसे का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासी प्रमोद कुमार ने बताया कि सड़क पर धंसाव के चलते आवाजाही के दौरान वाहनों के पलटने का डर है। कई बार एनएच के अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं की जा सकी है। एनएच के सहायक अभियंता रमेश पांडे ने बताया कि सड़क पर लगभग एक फीट तक धंसाव हो गया है। बारिश रुकते ही सड़क के धंसाव वाले हिस्से की मरम्मत कर दी जाएगी। वहीं, मल्लीताल स्थित सात नंबर की पहाड़ी में स्थित आल्मा लॉज के सीसी मार्ग पर भी बड़ी दरार आ गई है। यही नहीं मार्ग के ठीक नीचे की सुरक्षा दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे मार्ग के ऊपर व नीचे स्थित भवनों में रह रहे आधा दर्जन से अधिक परिवारों को भी खतरा हो सकता है। सभासद जीतेंद्र पांडे ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी। एसडीएम नवाजिश खलिक के आदेश पर पट्टी पटवारी भुवन जोशी ने मार्ग निरीक्षण कर सूचना प्रशासन को दी। एसडीएम ने मल्लीताल कोतवाली पुलिस को सुरक्षा के मद्देनजर यातायात पर रोक लगाने को कहा है।