गरमपानी(नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग में क्वारब की अति संवेदनशील पहाड़ी से बृहस्पतिवार को मलबा और पत्थर गिरने से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। सड़क के बंद होने के चलते अल्मोड़ा की तरफ से आने और जाने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। एनएच के अधिकारियों ने सड़क के बंद होने पर वाहनों को चौसली लिंक रोड से अल्मोड़ा की तरफ भेजा गया। लिंक रोड से वाहनों की आवाजाही होने के बाद यात्रियों को राहत मिली। वहीं जेसीबी की मदद से क्वारब की पहाड़ी से गिरे मलबे को हटाया जा रहा है। लेकिन देर शाम तक सड़क पर यातायात सुचारू नहीं हो पाया। क्वारब और खैरना चौकी पुलिस यातायात व्यवस्था बनाने में लगी रही।