भीमताल (नैनीताल)। नगर के डांठ क्षेत्र में मंगलवार को झील किनारे की सुरक्षा दीवार के टूटने से सड़क को खतरा पैदा हो गया है। दीवार टूटने से वाहन चालकों के साथ स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के समीर नायक, रवि कुमार, हितेश मटियाली और पंकज गिरी ने बताया कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों को पूर्व में भी सड़क के धंसने की समस्या से अवगत कराया था लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जल्द दीवार सही कराने की मांग की है।