दीपावली के दिन घर पर खुशियां मनाई जा रही थीं और एकाएक मनहूस खबर ने सबकुछ खत्म कर दिया। रामपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में काम करने वाले 22 वर्षीय महेंद्र कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा।
अल्मोड़ा जिले के दन्या निवासी महेंद्र कुमार पुत्र किशन राम हल्द्वानी में रामपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में काम करता था। दीपावली के दिन दोपहर में वह बाइक से गन्ना सेंटर-गोरापड़ाव सड़क से जा रहा था कि बिजली के खंभे से बाइक टकरा गई। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं।
सूचना पर टीपीनगर पुलिस चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने मौके पर पहुंचकर घायल को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार महेंद्र मूलरूप से अल्मोड़ा जिले का रहने वाला है। सोमवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव लेकर गांव चले गए। बताया कि महेंद्र अविवाहित था। परिवार में माता-पिता और बड़ा भाई है।
हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसा होने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। जरूरी साक्ष्य जुटाने के साथ ही वैद्यानिक कार्रवाई की जा रही है। - हरबंश सिंह, एसपी सिटी