फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nainital News: मनरेगा में कम हुए मानव दिवस, प्रभावित होंगे विकास कार्य

Fri, 14 Apr 2023 02:37 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, नैनीताल
विज्ञापन
विज्ञापन
भीमताल (नैनीताल)। एक अप्रैल से शासन ने भले ही मनरेगा श्रमिकों की मजदूरी 213 रुपये से बढ़ाकर 230 रुपये प्रतिदिन कर दी है लेकिन मनरेगा में इस साल के वित्तीय वर्ष में मानव दिवस की संख्या पिछले साल की अपेक्षा कम कर दी है। दिवस कम होने से जिले के विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में मनरेगा से होने वाले विकास कार्य भी प्रभावित होंगे। मानव दिवस कम होने की एक वजह मनरेगा में श्रमिकों की एनएमएस ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति बताई जा रही है।
विज्ञापन

जिले के आठ विकासखंडों में पिछले वित्तीय वर्ष 2022-23 में 9,02118 मानव दिवस लक्ष्य निर्धारित किए गए थे जिसमें लक्ष्य के सापेक्ष 9,37,947 मानव दिवस का लाभ श्रमिकों को दिया गया लेकिन इस बार नये वित्तीय वर्ष में जिले में 5,98,836 मानव दिवस का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस तरह पिछले साल की अपेक्षा इस बार तीन लाख से अधिक मानव दिवस कम किए गए हैं।

विकासखंडों में निर्धारित किए गए मानव दिवस बेतालघाट ब्लॉक में 86000, भीमताल 76000, धारी 68500, हल्द्वानी 58600, कोटाबाग 88099, ओखलकांडा 77276, रामगढ़ 64000 और रामनगर ब्लॉक में 80361 मानव दिवस का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विज्ञापन


जिले में 59,248 कुल परिवार हैं पंजीकृत
जिले में मनरेगा में कुल 59,284 परिवार पंजीकृत हैं जिसमें श्रमिकों की संख्या 1,11,529 है। पिछले साल 873 परिवारों को 100 दिन का रोजगार दिया गया था।
-
ऑनलाइन उपस्थिति का श्रमिक और प्रधान कर रहे हैं विरोध
मनरेगा में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने का श्रमिकों और प्रधानों की ओर से विरोध किया जा रहा है। प्रधानों का कहना है कि अधिकांश ग्राम पंचायतों में नेटवर्क की समस्या होने से श्रमिकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं हो सकती। इसको लेकर प्रधानों ने पिछले साल धरना प्रदर्शन भी किया था।
-
मनरेगा से होते हैं ये काम
मनरेगा में कृषि, अमृत सरोवर, चेकडैम, गोशाला, सीसी मार्ग, गूलों की मरम्मत समेत अन्य विकास कार्य कराए जाते हैं। लेकिन इस बार वित्तीय वर्ष में मानव दिवस कम होने से विकास कार्य प्रभावित होंगे।
-
कोट :: पिछले साल की अटेक्षा इस बार मनरेगा में मानव दिवस कम हुए हैं। ग्राम पंचायतों में मनरेगा से विकास कार्य प्रभावित न हो इसके लिए हमारा प्रयास होगा लक्ष्य से अधिक मानव दिवस पर काम कराए जा सकें। - गोपाल गिरी गोस्वामी, डीडीओ, नैनीताल।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें