आरडी व एफडी के नाम पर ग्रामीणों से करोड़ों की ठगी करने वालों के खिलाफ पुलिस अब सख्त कार्रवाई करेगी। 22 लोगों से तीन करोड़ से ज्यादा की रकम हड़पने वाले विदित अक्षय विजन निधि लिमिटेड के कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर में पुलिस चार्जशीट लगाने जा रही है। इसके बाद गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।
30 अगस्त 2022 को कमोला गांव निवासी हरीश चंद्र बधानी समेत 21 लोगों की ओर से कोतवाली थाने में सामूहिक तहरीर दी गई थी। पीड़ितों के मुताबिक कंपनी के सीएमडी अरविंद पंत और उसके सहयोगी योगेश कुमार कांडपाल ने आरडी व एफडी व अन्य तमाम तरह की बैंक आधारित स्कीम में निवेश करने पर ज्यादा मुनाफे का लालच दिया था।
उनसे 3.25 करोड़ रुपये का निवेश कराया था, लेकिन उसके बाद पैसा नहीं लौटाया। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच जांच फाइनेंशियल फ्रॉड यूनिट को सौंपी गई। सीओ हल्द्वानी भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट लगाने की तैयारी चल रही है। मार्च अंत तक चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी। उसके सप्ताह भर में आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई शुरु कर दी जाएगी।