हल्द्वानी। सांसद अजय भट्ट का कहना है कि यूनाइडेट किंगडम की विनचेस्टर जेल में न्यायिक हिरासत में रखे गए रामनगर निवासी कैप्टन अजय पंत को भारतीय उच्चायोग लंदन की ओर से लगातार काउंसलर सहायता प्रदान की जा रही है। उच्चायोग ने इस संबंध में सांसद भट्ट को पत्र भेजा है। सांसद भट्ट ने बताया कि लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने कैप्टन पंत से संपर्क किया है। बता दें कि दो दिन पहले कैप्टन पंत की पत्नी ने सांसद भट्ट से भेंट कर पति की मदद करने की गुहार लगाई थी। सांसद ने बताया कि उच्चायोग ने कैप्टन पंत की पत्नी, नियोक्ता, कानूनी प्रतिनिधियों तथा ब्रिटिश अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाया हुआ है। उन्होंने बताया कि विदेश मंत्रालय से उनके अधिकारों और सुरक्षा को सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया गया है। सांसद ने बताया कि कैप्टन पंत मामले में अगली सुनवाई 16 जुलाई को होनी है। उन्होंने बताया कि भारतीय उच्चायोग ने आश्वासन दिया है कि मामले में कैप्टन पंत और उनके परिवार को हर संभव सहायता की जाएगी।