रामनगर (नैनीताल)। रामनगर में जी-20 समिट की तैयारी चल रही है वहीं नगर में सड़कों की दशा बदहाल है। रामनगर से क्यारी को जाने वाली छह किलोमीटर सड़क बदहाल है। हालात ऐसे हैं कि सड़क पर पैदल चलना भी दूभर हो रहा है। ग्रामीणों की सड़क बनाने की गुहार को सुनने वाला कोई नहीं है।
भाजपा किसान मोर्चा के महामंत्री विनोद बुधानी ने बताया कि बैलगढ़ से क्यारी सड़क का निर्माण 2015-16 में हुआ था। अब सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है जबकि ग्राम क्यारी पर्यटन गांव में आता है। अब ग्रामीणों का सड़क पर चलना बहुत मुश्किल हो रहा है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता रविंद्र कुमार ने बताया कि सड़क बदहाल है। इसकी डीपीआर बनाकर शासन को भेजी गई है। डीपीआर मंजूर होते ही सड़क बनाई जाएगी।