नैनीताल। रविवार को नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में हुई बारिश से जंगलों में आग लगने का खतरा फिलहाल कम हो गया है। बारिश के बाद जंगलों में नमी बढ़ने से वन विभाग ने राहत की सांस ली है। बरसात के बाद लंबे समय तक बारिश न होने से जंगलों में सूखे पत्तों और घास की मात्रा बढ़ गई थी, जिससे आग लगने की आशंका बनी हुई थी। इसे देखते हुए वन विभाग संभावित आग की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रहा था। विभागीय टीम सड़कों के किनारे सूखे पत्तों की सफाई कर रही थी और सुबह-शाम गश्त कर स्थिति पर नजर रख रही थी। एसडीओ ममता चंद ने बताया कि बारिश से कुछ दिनों के लिए जंगलों में आग का खतरा टल गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पानी के स्रोतों और गधेरों को लाभ मिलेगा जिससे वन्य जीवों को राहत मिलेगी। संवाद