हल्द्वानी शहर के उजाला नगर क्षेत्र में मीट की दुकान में खुले में मांस के लोथड़े पड़े मिले, गंदगी का आलम यह था कि वहां खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा था। नगर निगम की टीम ने छापा मारकर 16 दुकानदारों के चालान किए। उनसे 19500 हजार का जुर्माना वसूला गया।
वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में चार सेनेटरी इंस्पेक्टरों की टीम बुधवार सुबह उजाला नगर पहुंची। मीट विक्रेता खुशनवाज की दुकान में गंदगी पाए जाने पर पांच हजार का चालान काट दिया। इसके बाद पास ही मीट विक्रेता वाहिद की दुकान पर 100 ग्राम पॉलीथिन मिलने पर तीन हजार और फेजलदीन से 50 ग्राम पॉलीथिन मिलने पर 1500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। होटल में गंदगी मिलने पर रफीक कुरैशी का एक हजार का चालान किया गया। घासमंडी मछली बाजार में भी मीट विक्रेताओं के 500-500 के चालान किए गए। अचानक हुई कार्रवाई से मीट विक्रेताओं में खलबली मची रही। टीम में सेनेटरी इंस्पेक्ट शिवम, कार्तिक, अंकुर व दीपक शामिल रहे।
पॉलीथिन, गंदगी और खुले में मीट बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया, मानक के अनुसार काम न करने वालों से जुर्माना वसूला गया है, अभियान आगे भी जारी रहेगा। - डॉ.सीएस टोलिया, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी