हल्दूचौड़ (नैनीताल)। यूसीएफ के सोयाबीन एवं वनस्पति कॉम्प्लेक्स में करीब 75 फीसदी ध्वस्तीकरण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन इसी बीच परिसर में गहरी खोदाई और उपखनिज निकालने की शिकायतें सामने आई हैं। इससे कई सवाल खड़े हो गए कि गहरी खोदाई क्यों की गई और इससे निकली मिट्टी, पत्थर या अन्य सामग्री का क्या हुआ। यह मामला जांच का एक अहम बिंदु बन गया है जिस पर यूसीएफ महाप्रबंधक ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मामले में यूसीएफ महाप्रबंधक त्रिभुवन रावत ने बताया कि विभागीय जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि यदि नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ध्वस्तीकरण कार्य को जल्द पूरा किया जाना है, इसलिए प्रबंधक के आदेश में आवश्यक संशोधन किया जाएगा। फिलहाल, उपखनिज निकाले अथवा बेचे जाने के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।