नैनीताल। लोअर माल रोड पर हुए भू-धंसाव के स्थायी ट्रीटमेंट के लिए शासन से धनराशि तो स्वीकृत है लेकिन विभाग के चार बार निविदाएं आमंत्रित करने के बाद भी इस कार्य के लिए ठेकेदार नहीं मिल रहे हैं। विभाग ने अब पांचवीं बार इस कार्य के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं।
बता दें कि वर्ष 2018 में लोअर मालरोड का लगभग 25 मीटर हिस्सा टूट कर झील में समा गया था। पिछले साल लोनिवि के अनुरोध पर टीएचडीसी के विशेषज्ञों के अध्ययनों के बाद शासन ने इस कार्य के लिए 3.48 करोड़ का बजट स्वीकृत किया। तब से लोनिवि समय-समय पर इस कार्य के लिए निविदाएं आमंत्रित करता रहा लेकिन किसी भी ठेकेदार ने इस कार्य को करने में रुचि नहीं दिखाई जिसके चलते अभी तक लोअर माल रोड का स्थायी ट्रीटमेंट नहीं हो सका है।
सहायक अभियंता लोनिवि नैनीताल, जीएस जनौटी ने बताया कि लोअर माल रोड के स्थायी ट्रीटमेंट के लिए विभाग चार बार निविदाएं आमंत्रित कर चुका है लेकिन कोई ठेकेदार नहीं मिला। शुक्रवार को ई-टेंडर के माध्यम से पांचवीं बार इस कार्य के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। ठेकेदारों को 22 दिसंबर तक का समय टेंडर डालने के लिए दिया गया है।