पतलोट (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लॉक में पंचायत चुनाव के परिणाम आने के बाद से अब ग्रामीण जीते हुए जनप्रतिनिधियों से शहर में रहने के बजाए गांव में रहकर ही विकास कार्य करने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने गांव में विकास कार्य हो इसके लिए प्रत्याशियों को जीताकर भेजा है। ऐसे में बहुत से ग्राम प्रधान, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्य पद पर जीत हासिल करने वाले जनप्रतिनिधि हल्द्वानी में रहकर गांव की राजनीति करते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधियों को पांच साल गांव में रहकर ही विकास करना होगा। टांडा गांव के जीवन चंद्र पांडे ने कहा कि चुनाव में जीत हासिल करने वाले जनप्रतिनिधियों को गांव में रहकर ही काम करना होगा। पश्यां गांव के हरीश पोखरिया ने कहा कि ग्रामीण चाहते हैं कि जनप्रतिनिधियों को पांच साल गांव में रहकर ही ओखलकांडा की मूलभूत समस्याओं को हल करना चाहिए।