ओखलकांडा क्षेत्र पंचायत बैठक में बोलते विधायक राम सिंह कैड़ा।
भीमताल (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लॉक में मंगलवार को आयोजित क्षेत्र पंचायत बैठक में जनप्रतिनिधियों ने बिलों का भुगतान न होने, पेयजल कनेक्शन न देने और सड़कों को गड्ढामुक्त नहीं करने पर नाराजगी जाहिर की।
जनता से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से हल नहीं करने पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों के साथ तालमेल बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। खनस्यू क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि गोस्वामी ने विकास कार्यों की एमबी नहीं करने से भुगतान नहीं करने, मनरेगा में मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम के चलते ओखलकांडा में विकास कार्य प्रभावित होने की समस्या से अवगत कराया।
सड़कें गड्ढामुक्त करने, खनस्यू में प्रसव केंद्र खोलने और खनस्यू राजकीय इंटर कॉलेज के पुराने भवन में तहसील परिसर खोलने के लिए जनप्रतिनिधियों ने सीडीओ को ज्ञापन सौंपा। गोस्वामी ने त्रिवेणी शिव मंदिर खनस्यू के पास घाटों के सौंदर्यीकरण के निर्माण कार्यों का भुगतान न होने की शिकायत सीडीओ और विधायक से की। जनप्रतिनिधियों ने जल जीवन मिशन योजना में पेयजल कनेक्शन नहीं देने, विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति कराने और ओखलकांडा में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
विधायक कैड़ा ने बदहाल सड़कों को सही कराने के साथ लंबित मोटर मार्गों की डीपीआर शासन को भेजने और जल जीवन मिशन के तहत पेयजल कनेक्शन देने को कहा। जनप्रतिनिधियों के बिलों का भुगतान करने के निर्देश भी दिए। ओखलकांडा ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं का लाभ देने को कहा। सीडीओ अशोक कुमार पांडेय ने बीडीसी बैठक में उठी समस्याओं को हल करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी, पीडी अजय सिंह, ज्येष्ठ प्रमुख प्रदीप मटियाली, एसडीएम केएन गोस्वामी आदि मौजूद रहे।