भीमताल (नैनीताल)। जमरानी बांध परियोजना में स्थानीय लोगों को रोजगार देने को लेकर मंगलवार को विवाद की स्थिति देखने को मिली। क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और बीडीसी सदस्यों ने राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू पर जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। ग्राम प्रधान पंकज मेहरा ने कहा कि हरीश पनेरू की ओर से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्रता की गई। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का अपमान सहन नहीं किया जाएगा। राज्य आंदोलनकारी पनेरू का कहना है कि उन्होंने किसी भी जनप्रतिनिधि के साथ अभद्रता नहीं की। उन्होंने कहा कि वह स्थानीय लोगों को रोजगार देने की मांग करते आ रहे हैं। इसको लेकर एक गुट के कुछ लोग यह बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं और झूठे आरोप लगा रहे हैं।