रामनगर (नैनीताल)। रामनगर वन प्रभाग के कोसी रेंज, देचौरी रेंज, फतेहपुर रेंज के आउटसोर्स कर्मियों को करीब दस माह से वेतन नहीं मिला है। इसके विरोध में शुक्रवार को आउटसोर्स कर्मियों ने कोसी रेंज कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
रामनगर वन प्रभाग के आउटसोर्स कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। योगेश जलाल ने बताया कि दस महीने से वेतन नहीं मिलने पर उनके सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। कहा कि उच्चाधिकारियों को कई बार समस्या बताई गई लेकिन वह सिर्फ आश्वासन देते रहे। गणेश चंद्र ने कहा कि वेतन मिलने तक कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन में तारा सिंह, दीप जोशी, हरीश सिंह, सुंदर सिंह, इंदर लाल, गणेश चंद्र, विजय सिंह बिष्ट, ललित, विनय, राजेंद्र सिह, गिरीश चंद्र, गौतम रावत आदि शामिल रहे।
जंगल के रखवालों को वेतन के पड़े लाले
कालाढूंगी। कालाढूंगी रेंज में भी कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को भी करीब नौ महीने का वेतन नहीं मिला है। इस पर उन्होंने काम बंदकर कालाढूंगी रेंज कार्यालय परिसर में धरना दिया।
ललित चंद्र ने बताया कि वेतन नहीं मिलने से वह परिवार की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रहे हैं। कहा कि उन्हें बार बार आश्वासन दिया जाता है कि मगर वेतन नहीं दिया जा रहा है।
कार्य बहिष्कार करने वालों में अनीता, अशोक कुमार, कैलाश गोस्वामी, गणेश राम, आनंद ध्यानी, रवि आर्या, विनोद शर्मा, प्रमोद कुमार, वीरेंद्र सिंह राणा, विजय आर्या, कुंदन सिंह, धन सिंह आदि मौजूद रहे।