महानगर में कब्जों में घिरी नगर निगम की जमीनों की रखवाली का जिम्मा जेई को सौंपा गया है। नगर निगम के अवर अभियंता निगम की संपत्तियों की स्थिति का आकलन करेंगे। साथ ही, कब्जे होने की स्थिति में प्रवर्तन दल के जरिए कार्रवाई की जाएगी। निगम की जमीनों पर लगातार हो रहे कब्जों को लेकर नगर आयुक्त ने निर्देश जारी किए हैं। नगर निगम की जमीनों पर लगातार कब्जे हो रहे हैं। इसे लेकर पिछले दिनों कार्यकारिणी समिति की बैठक में पार्षदों ने संपत्तियों पर कब्जे का मामला उठाया था। पार्षदों ने जमीनों के गाटा संख्या के साथ कब्जों को लेकर सवाल उठाए थे। चर्चा में सामने आया कि नगर निगम की संपत्तियों के रखरखाव का जिम्मा आउटसोर्स कर्मियों के हवाले है। जिसके चलते संपत्तियों के नाम पर खेल होते हैं। अब नगर आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने नगर निगम की संपत्तियों के देखरेख का जिम्मा जेई को सौंपा है। अवर अभियंता 10 दिनों में संपत्ति की स्थिति का आकलन कर अपर नगर आयुक्त को रिपोर्ट देंगे। इसके साथ ही नगर निगम में गठित किया गया प्रर्वतन दल कब्जे हटवाने की कार्रवाई करेगा। वहीं, निगम की संपत्तियों की जांच के लिए नगर आयुक्त ने डीएम को पत्र लिखकर कानूनगो और लेखपाल की मांग की है। जो तीन महीने में सारी संपत्तियों की स्थिति की जांच कर रिपोर्ट सौंपेंगे।