हल्द्वानी। ओलंपिक दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत मंगलवार से होगी। सबसे पहले कालाढूंगी में रन फॉर ओलंपिक डे का आयोजन किया जाएगा। जिलेभर में रामनगर, ओखलकांडा, हल्द्वानी, नैनीताल में खेल गतिविधियां संचालित की जाएंगी। जिला क्रीड़ाधिकारी निर्मला पंत ने बताया कि 23 जून को होने वाले ओलंपिक दिवस पर इस बार खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसकी शुरुआत कालाढूंगी से होगी। इस क्रम में 18 जून को हल्द्वानी मिनी स्टेडियम में बास्केटबाल का मैत्री मैच आयोजित किया जाएगा। इसमें स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रतिभागी और खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी हिस्सा लेंगे। ओलंपिक दिवस पर राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। मिनी स्टेडियम में होने वाली प्रतियोगिता के लिए प्रदेशभर के जिलों की टीमों को आमंत्रित किया गया है।