रामनगर (नैनीताल)। व्यापार मंडल कार्यालय में हुई ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की बैठक में कार्यकर्ताओं ने एक जुलाई को श्रीनगर गढ़वाल में होने जा रहे राज्य सम्मेलन को सफल बनाने के लिए चर्चा की।
आइसा के जिलाध्यक्ष धीरज कुमार ने कहा कि यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब केंद्र सरकार संपत्तियों को कॉरपोरेट घराने को बेच रही है वहीं दूसरी ओर आम लोग महंगाई, बेरोजगारी, भुखमरी के साथ जीने को मजबूर है। उत्तराखंड में लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने युवाओं से उनके बेहतर कल का सपना छीन लिया है। जिले में सघन सदस्यता अभियान और सम्मेलन का प्रचार-प्रसार आइसा कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा रहा है। संगठन के नगर अध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि अधिवेशन से पहले रामनगर क्षेत्र में एक हजार छात्र छात्राओं को संगठन की सदस्यता देने का लक्ष्य रखा गया है। श्रीनगर अधिवेशन में रामनगर से 25 प्रतिनिधि भागीदारी करेंगे। संगठन की ओर से क्यारी, पूछड़ी, पटरानी, ढेला, सांवल्दे, मालधन में लगातार सदस्यता अभियान और छात्र-छात्राओं से भारी संख्या में सम्मेलन में शामिल होने की अपील की जा रही है। इस दौरान जिला सचिव हेमा जोशी, अमन रावत, शबनम, नेहा आर्य, रेखा आर्य, रिंकी, अमन कुमार, ज्योति फर्त्याल आदि मौजूद रहे।