नैनीताल। ऊधमसिंह नगर के एसएसपी टीसी मंजूनाथ समेत एसओजी व कई पुलिस वालों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हाईकोर्ट के गिरफ्तारी पर रोक के आदेश के बाद भी आरोपी को गिरफ्तार करने और हिरासत में उसके साथ मारपीट करने पर कोर्ट सख्त है। हाईकोर्ट में डीआईजी की जांच रिपोर्ट भी दाखिल हो गई है। इसके बाद एसएसपी समेत सभी को आज ही पक्ष दाखिल करने के लिए कहा गया है। कोर्ट अब 3 नवंबर को इस पर सुनवाई करेगी। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी की एकलपीठ में हुई।
पीड़ित गगनदीप ने हाईकोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल कर कहा है कि 11 सितंबर की एक घटना में वह आरोपी है लेकिन दोनों पक्षों का समझौता इस मामले में हो रहा है। हाईकोर्ट ने उनकी गिफ्तारी पर रोक लगा दी, लेकिन जब वह कोर्ट से बाहर निकले तो उनको एसओजी ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी पर रोक की जानकारी होने के बाद भी उन्हें रात 10 बजे तक किच्छा थाने में रखा और उनके साथ मारपीट की। कोर्ट ने डीआईजी कुमाऊं को इस मामले की जांच के आदेश दिए थे तो आज कोर्ट में रिपोर्ट दाखिल हो गई है, जिसमें कई तथ्य इन अधिकारियों के खिलाफ हैं। अब अदालत तीन नवंबर को बड़ा आदेश इस पर दे सकती है।