नैनीताल। नगर में इन दिनों कड़ाके की ठंड के बीच स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें बढ़ने लगी हैं। बीडी पांडे अस्पताल में हृदय रोगियों के अलावा सीने में दर्द की शिकायत के मरीज बढ़ गए हैं।
बीडी पांडे अस्पताल में तैनात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधांशु सिंह ने बताया कि ठंड के चलते रक्तचाप, सीने में दर्द और हृदय रोग से ग्रसित मरीजों की समस्याएं बढ़ जाती हैं। इन दिनों लगभग 50 मरीज रोजाना अस्पताल पहुंच रहे हैं। बताया कि ठंड के चलते हृदय रोगियों की नसों में सिकुड़न की वजह से दिक्कतें बढ़ जाती हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्र में ये दिक्कत ज्यादा होती है। कहा कि ब्लड प्रेशर और हृदय रोगी अपनी दवा समय पर लें। ठंड में बाहर निकलने से बचें। हमेशा गर्म खाना खाएं और व्यायाम घर के अंदर ही करें। दिक्कत होने पर डॉक्टर की सलाह लें।