माई सिटी रिपोर्टर हल्द्वानी। इन दिनों वाहनों का आवागमन को प्रतिबंधित है इसके चलते भूसे की गाड़ी आदि नहीं पहुंच पा रही है। ऐसे में पशु पलकों के सामने चारे का संकट गहरा गया है। हल्दूचौड़ के रहने वाले गणेश भट्ट के अनुसार उनके पास हरा चारा तो है, जिससे काम चल रहा है लेकिन भूसे की समस्या बनी हुई है इसके कारण पशुओं को पर्याप्त चारा उपलब्ध कराने में समस्या आ रही है। बामेटा बंगर के रहने वाले दीपू भट्ट बताते हैं कि उनके पास हरा चारा नहीं है पहले भूसे में पशु आहार को मिलाकर जानवरों को दिया जाता था लेकिन ट्रैक्टर ट्राली समेत अन्य वाहनों के संचालन पर रोक होने के कारणों भूसा पहुंच नहीं पा रहा है, इससे चारे की उपलब्धता की समस्या सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि चारा न होने के कारण कई लोगों ने दूध ना देने वाले पशुओं को जंगल में छोड़ दिया है। वही, भगवानपुर की रहने वाली नंदनी बताती हैं कि उनके पास चार पशु है इनको चारा उपलब्ध कराना एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। आसपास के लोगों से जैसे-तैसे अभी तक चारे की व्यवस्था कर पशुओं को खिलाया गया है लेकिन भूसा ना होने के कारण समस्या गहरा गई है। क्षेत्र के कई अन्य पशुपालकों के सामने भी यही समस्या बनी हुई है।