नैनीताल। बीडी पांडे अस्पताल में इन दिनों गर्भवतियों को कैल्शियम व फ्लोरिक एसिड की गोलियां नहीं मिल पा रही हैं। इसके चलते उन्हें बाजार से दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं। बता दें कि बीडी पांडे जिला अस्पताल में गर्भवतियों को आयरन, कैल्शियम और फ्लोरिक एसिड की दवाएं नियमित रूप से दी जाती हैं। स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया था कि बरसात के दौरान अस्पतालों में हर दवा अतिरिक्त मात्रा में उपलब्ध कराई है, ताकि गर्भवतियों को किसी भी प्रकार की दिकक्तें न झेलनी पड़े लेकिन स्वास्थ्य विभाग के दावे पर सवाल खड़े हो गए हैं। बीते एक महीने से गर्भवतियों को अस्पताल से कैल्शियम व फ्लोरिक एसिड की दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। आशा वर्कर्स यूनियन की अध्यक्ष कमला कुंजवाल ने बताया कि उन्होंने पूर्व में पीएमएस को ज्ञापन सौंप मांग की थी कि अस्पताल में आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं लेकिन उसके बाद भी व्यवस्थाएं नहीं हो पाईं हैं। पीएमएस, डॉ. तरुण कुमार टम्टा ने बताया कि आवश्यक दवाओं की आपूर्ति के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया जा चुका है। जल्द ही दवाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी।