नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय विज्ञान वर्ग के नव-प्रवेशित पीएचडी छात्रों का प्री-पीएचडी कोर्स वर्क एक सितंबर से प्रारंभ होगा। संकायाध्यक्ष प्रो. संजय पंत ने बताया कि कोर्स वर्क की कक्षाएं जंतु विज्ञान विभाग सभागार में सुबह 11 बजे से चलेंगी। इसके लिए वनस्पति विज्ञान की प्रो. सुषमा टम्टा को संयोजक व प्रो. नीलू लोधियाल को सह-संयोजक बनाया गया है। सभी नए शोधार्थियों के लिए इस कोर्स वर्क में भाग लेना अनिवार्य है, इसमें 75 फीसदी उपस्थिति होना जरूरी है। दूसरी ओर वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने एमएससी वनस्पति विज्ञान के लिए पंजीकरण कराया है, वे सभी अपने आवश्यक मूल दस्तावेजों और प्रमाणपत्रों के साथ सोमवार, 31 अगस्त को सुबह 11 बजे वनस्पति विभाग में अनिवार्य रूप से उपस्थित होंगे।