हल्द्वानी। लोक निर्माण विभाग भोटिया पड़ाव स्थित अपने डाक बंगले को 3.75 करोड़ रुपये की लागत से पर्वतीय शैली में बनाने जा रहा है। दो मंजिला डाक बंगले में छह सामान्य और दो वीवीआईपी कमरे बनाए जाएंगे। इसमें 35 लोगों के बैठने की क्षमता का कांफ्रेंस हॉल और 26 लोगों के खाने की क्षमता का डायनिंग हॉल भी बनाया जाएगा।
जिला प्रशासन के पास हल्द्वानी में सर्किट हाउस को छोड़कर ऐसा कोई भवन नहीं है जहां वीआईपी और वीवीआईपी को रोका जा सके। उधर लोनिवि के भोटिया पड़ाव स्थित डाक बंगले की हालत खराब है। शहर में कहीं भी सुसज्जित मीटिंग रूम नहीं है। लोनिवि और सरकारी महकमों को मीटिंग करने के लिए नगर निगम सभागार या बागजाला जाना पड़ता है।
इसे देखते हुए लोनिवि ने 3.75 करोड़ की लागत से अपने डाक बंगले के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव जिला योजना की बैठक में रखा था। इस पर मोहर लग गई है। बजट मिलते ही लोनिवि इसके टेंडर आमंत्रित कर देगा। लोनिवि के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि डाक बंगले को दो मंजिला बनाया जाएगा। इसे पर्वतीय शैली में बनाया जाएगा। माई सिटी रिपोर्टर