हल्द्वानी। आईजी कैंप कार्यालय में तैनात एक सिपाही ने सरकारी क्वार्टर में सल्फास खाने के बाद हाथ की नस काट कर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से अल्मोड़ा निवासी पुष्कर सिंह बिष्ट (35) आईजी कैंप कार्यालय में टेलीफोन रिसीवर था। एसएसआई मंगल सिंह ने बताया कि पुष्कर के परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद परिजनों ने आईजी दफ्तर के टेलीफोन बूथ पर फोन किया। वहां तैनात सिपाही ने बताया कि पुष्कर अपने क्वार्टर में है। परिजनों ने बूथ पर तैनात पुलिस कर्मी से सरकारी क्वार्टर में जाकर देखने की गुहार लगाई। पुलिस कर्मी ने कमरे में जाकर देखा तो पुष्कर सिंह बेहोशी की हालत में पड़ा था। उसके हाथ से खून बह रहा था। पुलिस कर्मी ने इसकी सूचना कोतवाली में दी। एसएसआई मंगल सिंह ने बताया कि पुष्कर सिंह का पत्नी से विवाद चल रहा था। दोनों अलग-अलग रहते थे। वह 2005 में भर्ती हुआ था। बताया कि मौके पर मिले सुसाइड नोट में सिपाही ने लिखा है कि मेरी पत्नी एक अस्पताल में नौकरी करती है। मेरी बॉडी का पोस्टमार्टम न किया जाए। मेरी एक बेटी है।