लामाचौड़ के ईसाईनगर के रहने वाले नौंवी के छात्र अनुराग गवन (15) की मौत के मामले में पुलिस की प्रथम दृष्टया जांच में लापरवाही की बात सामने आई है। हादसे में घायल अनुराग ने खुद अस्पताल जाने से मना कर दिया था तो दोस्त भी शांत हो गए। जब हालत बिगड़ी तो वे उसे रात ढाई बजे 2.30 बजे अस्पताल ले गए। बेस अस्पताल पहुंचने से पहले ही अनुराग की मौत हो गई।
अनुराग लामाचौड़ इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र था। सोमवार को पुलिस ने अनुराग की मां कीर्तिका को जानकारी दी कि उनके बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई है। मंगलवार को मां ने मुखानी पुलिस को दो दोस्तों के खिलाफ तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई थी। उसमें कहा, दोस्त ने रविवार को फोन कर अनुराग को बर्थडे पार्टी में बुलाया था। अगले दिन पुलिस से बेटे की मौत की सूचना मिली।
उधर, पुलिस ने सीसीटीवी के फुटेज की जांच की। लामाचौड़ नायरा पेट्रोल पंप पर रविवार रात पौने 10 बजे अनुराग अपने दोस्त के साथ बुलेट बाइक पर जाते हुए दिख रहा है। वापस आते समय वह पंप के पास अपने आप सड़क पर गिरते हुए दिखाई पड़ा। इसके बाद दोस्त अनुराग को उठाता हुए नजर आया। जब वह उसे उठा नहीं पाता है तो पास में अपने घर जाकर चार दोस्तों को बुलाकर लाता है। बाइक को वे पेट्रोल पंप पर ही खड़ी करके अनुराग को घर ले जाते हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद अनुराग अस्पताल जाने से मना करते हुए भी सुनाई दे रहा है। इसके बाद रात 2:30 बजे जब अनुराग की नाक से खून आने लगता है तो दोस्त उसे बेस अस्पताल लेकर जाते हैं। यह पूरा वाकया सीसीटीवी में कैद हो गया। उधर, एसओ मुखानी विजय मेहता ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का निकलकर आ रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पूरा मामला साफ हो जाएगा।