हल्द्वानी। दीपावली पर्व को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बाजार क्षेत्र और आसपास दो कंपनी महिला पीएसी को तैनात किया गया है। वहीं, बाजार में महिला सुरक्षा को देखते हुए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भी बढ़ा दी है।
त्योहारी सीजन में भीड़भाड़ वाले इलाकों में टप्पेबाज, लुटेरे और शोहदे सक्रिय हो जाते हैं। कई बार आपराधिक गतिविधियां भी होती हैं, इस वजह से बाजार में खरीदारी करने के लिए पहुंचने वाली महिलाएं, युवतियां और बच्चे असुरक्षित महसूस करते हैं। इस दौरान जेबकतरे भी सक्रिय हो जाते हैं।
इसे देखते हुए एसएसपी पीएन मीणा ने सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। बाजार क्षेत्र में सादी वर्दी में महिला और पुरुषकर्मियों को तैनात कर दिया है। मुख्य बाजार में ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा और दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी है। एसएसपी पीएन मीणा ने बताया कि किसी भी तरह की अराजकता या आपराधिक गतिविधि पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।