नैनीताल। बीडी पांडे अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के कार्यों में हुई कथित गड़बड़ी मामले में अस्पताल के पीएमएस ने महानिदेशक को दोबारा पत्र भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
पहली जुलाई को डॉ. वीके पुनेरा ने बीडी पांडे अस्पताल में पीएमएस का कार्यभार ग्रहण किया था। इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं में वित्तीय अनियमितताओं की आशंका जताते हुए स्थानीय स्तर पर सीए से जांच कराई। सीए स्तर से हुई इस जांच में अस्पताल में हुए खर्च और भुगतान का ब्योरा तो मिल गया लेकिन करीब इक्कीस लाख रुपये का हिसाब अस्पताल की कैश बुक में दर्ज नहीं मिला।
पीएमएस डॉ. पुनेरा ने बताया कि जो हिसाब अस्पताल की कैश बुक में दर्ज नहीं है वह लिपिकीय लापरवाही है। उन्होंने बताया कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच के लिए महानिदेशक को पत्र भेजा है। कहा कि जांच के बाद ही अस्पताल में निर्माण कार्य कराए जाएंगे और दैनिक वेतन भोगी व सफाई कर्मियों को वेतन दिया जाएगा। (संवाद)