हल्द्वानी। गौला बैराज के गेट की मरम्मत कार्य के चलते बुधवार को आधे शहर में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही। घरों में पानी नहीं पहुंचने से लाखाें की आबादी को परेशान होना पड़ा। बैराज से दोपहर एक बजे पानी बंद किए जाने के बाद शाम छह बजे आपूर्ति सुचारु की गई, लेकिन शीशमहल प्लांट तक पानी नहीं पहुंचा। इस दौरान प्रभावित इलाकों में जल संस्थान के टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति कराई गई।
सिंचाई विभाग की ओर से गौला बैराज में गेट संख्या एक की मरम्मत कार्य किया गया। इस दौरान बैराज से पांच घंटे तक पानी की सप्लाई बंद रही जिसके चलते शहर में शीशमहल प्लांट से शाम की शिफ्ट की पेयजल सप्लाई बंद रही। इससे शहर के काठगोदाम, दमुवाढुंगा, शीशमहल, पॉलीशीट, गणपति विहार, राजपुरा, शीशमहल, हीरानगर, मुखानी, बमौरी, लालडांठ, कुसुमखेड़ा, बरेली रोड समेत कई प्रभावित इलाकों में जलसंस्थान की ओर से टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति कराई गई। जल संस्थान के सहायक अभियंता नीरज तिवारी ने बताया कि दोपहर एक बजे से शीशमहल प्लांट में बैराज से पानी नहीं पहुंचा जिसके चलते शहर में पेयजल किल्लत बनीं हुई है। देर शाम तक प्लांट में पानी नहीं पहुंचने पर शाम की शिफ्ट की सप्लाई नहीं हो पाई है।
हीरानगर और जल निगम के नलकूप खराब
हल्द्वानी। हीरानगर, जल निगम के नलकूप खराब होने के दो दिन बाद भी ठीक नहीं हो सके। बुधवार को चांदनीचौक घुड़दौरा का नलकूप भी खराब हो गया जिससे ढाई हजार की आबादी को पानी की किल्लत सेे जूझना पड़ा है। इस दौरान लोग टैंकरों से पानी मंगवाने को मजबूर रहे।
-
32 टैकरों से पहुंचाया पानी
हल्द्वानी। शीशमहल प्लांट से पेयजल आपूर्ति बाधित रहने के चलते जलसंस्थान की ओर से प्रभावित इलाकों में पानी पहुंचाया गया। इस दौरान सात विभागीय और 24 प्राइवेट टैंकर प्रभावित क्षेत्रों में भेजे गए।
कोट- गौला बैराज से पानी की सप्लाई दोपहर में बंद कर दी गई थी। इस दौरान शहर के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति बाधित रही। प्रभावित इलाकों में टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति कराई गई।
- आरएस लोशाली, अधिसाशी अभियंता जल संस्थान।